टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने प्रथम दल को दिखाई हरी झंडी

चम्पावत ,

उत्तराखंड से संचालित पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा का रविवार को टनकपुर से विधिवत शुभारंभ हुआ। पुष्कर सिंह धामी ने शारदा पर्यटक आवास गृह से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया तथा पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया तथा उनसे आत्मीय संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही श्रद्धालुओं को इस पवित्र यात्रा का अवसर प्राप्त होता है और श्रद्धा एवं धैर्य के साथ यात्रा की हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा सीमांत क्षेत्रों के विकास और समृद्धि का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे सीमांत गांवों की संस्कृति, परंपराएं और स्थानीय जीवन देशभर के लोगों तक पहुंचता है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों की खरीद कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण से भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।

यात्रा के प्रथम दल में चिकित्सक सहित कुल 49 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। दल में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के श्रद्धालु शामिल हैं। तमिलनाडु के डॉ. अरुण कुमार चिकित्सक के रूप में यात्रा दल के साथ हैं। राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ तीर्थयात्री हैं, जबकि गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा श्रद्धालु हैं।

शनिवार शाम टनकपुर पहुंचे प्रथम दल का देवभूमि की परंपरा के अनुरूप छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक कलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा का संचालन टनकपुर मार्ग से किया जा रहा है। इससे सीमांत जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

कार्यक्रम में आनंद सिंह अधिकारी, दीपक रावत, निवेदिता कुकरेती, विनीत तोमर, मनीष कुमार, रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा बलों के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *