मानसून को लेकर गढ़वाल मंडल प्रशासन अलर्ट, सभी जिलाधिकारी रहेंगे एक्शन मोड पर

2 जुलाई को सभी जनपदों में होगी मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन तैयारियों का लिया जाएगा जायजा

देहरादून ,

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए गढ़वाल मंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के निर्देशन में मंडल के सभी जिलाधिकारी संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए एक्शन मोड में रहेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह सक्रिय किया गया है।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि मानसून से पहले सभी जनपदों में 2 जुलाई को व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि जनपदवार होने वाली मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्यक्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आयुक्त ने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभागों को आवश्यक संसाधन, उपकरण और मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमानों और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।

प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम से कम रखने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की रणनीति के साथ गढ़वाल मंडल को हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *