बंग भवन निर्माण को लेकर विधायक शिव अरोरा ने सीएम धामी से की मुलाकात, भूमि हस्तांतरण और बजट जारी करने का आग्रह

देहरादून ,

मुख्यमंत्री आवास पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रुद्रपुर में प्रस्तावित बंग भवन निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण और बजट जारी करने का आग्रह किया। विधायक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को लिखित पत्र भी सौंपा।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 14 अगस्त 2023 को रुद्रपुर में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष बंगाली समाज की कला, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित करने के उद्देश्य से रुद्रपुर क्षेत्र में बंग भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया था।

बंग भवन निर्माण के लिए किच्छा रोड स्थित पुराने ट्रेजरी ऑफिस की भूमि को उपयुक्त मानते हुए विधायक ने अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण भी किया था। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर बंग भवन निर्माण के लिए आवश्यक बजट जारी किया जाए, जिससे भवन का निर्माण शीघ्र शुरू हो सके और इसे बंगाली समाज को समर्पित किया जा सके।

विधायक ने कहा कि बंग भवन बनने से क्षेत्र की समृद्ध बंगाली संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को नई पहचान मिलेगी तथा समाज के लोगों को एक बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *