NEET-2026 परीक्षा: अंतिम चरण की सभी तैयारियां पूर्ण

सुरक्षित, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए राज्य स्तरीय NTA परीक्षा कंट्रोल रूम से सतत निगरानी

देहरादून,

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के प्रभावी समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के उद्देश्य से देहरादून स्थित राज्य स्तरीय NTA परीक्षा कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय है।

कंट्रोल रूम से नोडल अधिकारी श्री लोकजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) एवं NTA ऑब्जर्वर अपनी टीम के साथ राज्य नोडल अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा राज्य समन्वयकों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

सभी जनपदों के जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तत्काल राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम एवं नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएं।

किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। राज्य स्तरीय निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा की सुरक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता को हर स्तर पर बनाए रखना है।

मीडिया सेल
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *