रेलवे अवसंरचना के विस्तार से उत्तराखंड के विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री धामी

रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से की मुलाकात, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग सहित कई परियोजनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून ,

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, चल रही रेल परियोजनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा, विशेषकर श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाएगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना में ठोस प्रगति दिखाई दे। उन्होंने कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन और किच्छा-खटीमा रेल परियोजना को भी क्षेत्रीय संतुलित विकास और भविष्य की जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बढ़ते पर्यटन और तीर्थाटन को देखते हुए रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना आवश्यक है। उन्होंने देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।

आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबल लाइन कार्य को भी गति देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन श्री सतीश कुमार ने कहा कि बैठक में जिन विषयों पर चर्चा हुई है, उन पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव श्री बृजेश कुमार संत और अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *