देहरादून ,
माननीय मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया लगातार जारी है। पुलिस कर्मियों के मनोबल और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस मुख्यालय ने नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया है।
उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 विभागीय पदोन्नतियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में 1,000 से अधिक तथा वर्ष 2026 में अब तक 580 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा चुकी है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार और अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1,640 कार्मिक पदोन्नति से लाभान्वित हुए हैं।
वर्ष 2026 में हुई प्रमुख पदोन्नतियां
- पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) – 13
- पुलिस उपाधीक्षक (एम) – 02
- निरीक्षक – 26
- उपनिरीक्षक – 144
- अपर/सहायक उपनिरीक्षक – 63
- मुख्य आरक्षी – 332
पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध पदोन्नति से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने गृह एवं कार्मिक विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा में पदोन्नति प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण किए जाने की सराहना की।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध पदोन्नति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी पुलिस कर्मियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड।