ऑपरेशन प्रहार: उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब का वांछित अपराधी बाजपुर से गिरफ्तार

देहरादून,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड में शरण लेने वाले बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार तड़के उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से पंजाब के वांछित अपराधी ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, अमृतसर के थाना छेहर्टा क्षेत्र स्थित सुरता सिंह कॉलोनी का निवासी है। उसके खिलाफ एफआईआर संख्या 111/2026, धारा 21-सी, 25 एनडीपीएस एक्ट तथा 25 आर्म्स एक्ट के तहत एएनटीएफ, एसएएस नगर (पंजाब) में मामला दर्ज है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 23 मई 2026 को अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बीएसएफ द्वारा संयुक्त छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर मकान की छत से कूदकर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

बरामद हथियारों में तीन बरेटा पिस्टल, तीन जिगाना पिस्टल तथा छह मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार और मादक पदार्थ पहुंचाए गए थे।

एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, पंजाब पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ ने आरोपी की तलाश शुरू की। खुफिया सूचना मिलने पर सोमवार तड़के एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बाजपुर के केशवनगर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

अजय सिंह ने कहा कि राज्य में बाहरी राज्यों के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि उत्तराखंड को उनकी शरणस्थली बनने से रोका जा सके।

गिरफ्तार आरोपी:
ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी गली नंबर-1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी, पंजाब।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *