मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया गणना फॉर्म, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान हुआ शुरू

देहरादून ,

उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गणना फॉर्म सौंपा।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राज्य के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना फॉर्म एकत्र करेंगे तथा उन्हें बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटल रूप में दर्ज करेंगे। इससे मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अभियान में सहयोग करने और निर्धारित समयावधि में गणना फॉर्म उपलब्ध कराने की अपील की।

इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *