राजधानी में एक महिला की दुष्कर्म करने और हत्या का मामला
देहरादून ,
प्रदेश की अस्थाई राजधानी देहरादून में एक महिला की दुष्कर्म करने और हत्या के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में भाजपा की राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। इस दौरान महानगर अध्यक्ष डाक्टर गोगी ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या के मामले रोकने में सरकार पूरी तरह विफल हुई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हाथीबडकला वीआईपी क्षेत्र के पास शहर के बीचों बीच, मंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष के आवास के एकदम पास भी एक महिला से दुष्कर्म और हत्या का मामला आया है। उन्होंने कहा कि यह पुलिस और सरकार की घोर विफलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कई मामले आते रहे हैं। अंकिता भण्डारी हत्याकांड मामले में तो सत्तारूढ़ पार्टी के नेता और नेता पुत्र के नाम सामने आए हैं। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान पुतला फूंकने वालों में प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महिला महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, मीडिया पैनलिस्ट सुनीता प्रकाश, महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी सुनील जयसवाल, ललित बद्री आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।