देहरादून ,
लगातार हो रही बारिश और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोकने के निर्देश दिए हैं।
गढ़वाल आयुक्त ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि मौसम की स्थिति सामान्य होने पर यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अधिकारियों के अनुसार प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा संचालन को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की भी अपील की है।
