हीट वेव अलर्ट: दून में बढ़ेगा तापमान, प्रशासन 24×7 अलर्ट मोड पर

देहरादून ,

Savin Bansal के निर्देश पर जनपद Dehradun में संभावित हीट वेव और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने और मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव की व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून नगर, जौलीग्रांट और डोईवाला सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ सकती है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, IV Fluids, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु विशेष चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।

नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, छायादार स्थल और वाटर टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थल भी विकसित किए जाएंगे।

विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा जल संस्थान और पेयजल विभाग को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संकट वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे।

निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के लिए कार्य अवधि को सुबह और शाम तक सीमित रखने को कहा गया है। श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

शिक्षा विभाग को मौसम के अनुसार विद्यालय संचालन समय में बदलाव अथवा अवकाश पर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर रोगियों की नियमित निगरानी भी की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, समाचार पत्रों और मोबाइल संदेशों के जरिए लोगों को लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और दोपहर की तेज धूप से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और आवश्यक सावधानियां बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *