देहरादून/नई दिल्ली ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्व की तरह 100 प्रतिशत बनाए रखने की मांग की। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिससे गैस की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
मानसून के दौरान आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जून से सितंबर के बीच राज्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में दुर्गम क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए एलपीजी बेहद आवश्यक होती है। उन्होंने अतिरिक्त आवश्यकता को देखते हुए व्यावसायिक सिलेंडरों का 5 प्रतिशत यानी करीब 48,397 सिलेंडर अतिरिक्त आवंटित करने का भी अनुरोध किया।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन पर आधारित है, जिसमें चारधाम यात्रा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।