देहरादून ,
प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–देहरादून सुपर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद देहरादून पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक्सप्रेसवे के चालू होते ही पुलिस प्रशासन पूरे रूट पर ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर विशेष रणनीति पर काम कर रहा है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि पुलिस टीम लगातार पूरे मार्ग का निरीक्षण कर रही है और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा और मसूरी–देहरादून आने वाले पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी है। खासकर ऋषिकेश और चारधाम जाने वाला ट्रैफिक भी इसी मार्ग से होकर गुजरेगा, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर इन योजनाओं को तुरंत लागू किया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।