देहरादून ,
देहरादून में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों के साथ आयोजित गोष्ठी में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी में गुटबाजी करने वाले छात्रों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि छात्र गुटों के बीच होने वाले झगड़े या मारपीट के मामलों में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों का नियमित निरीक्षण करें और संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। ऐसे मामलों की रिपोर्ट संबंधित संस्थानों को भेजते हुए आवश्यक होने पर छात्रों के निष्कासन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए।
रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्रों और संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस को ड्रंक एंड ड्राइव, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है।
शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि छात्रों के बीच किसी भी विवाद की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। यदि ऐसी जानकारी छिपाई जाती है और भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो संबंधित संस्थान प्रबंधन के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में छात्रों के बीच होने वाले विवादों में संचालकों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। ऐसे स्थानों पर बार-बार विवाद होने पर संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी थाना क्षेत्र में ऐसी घटनाओं पर पुलिस की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
