एलपीजी आपूर्ति पर मुख्य सचिव सख्त, जिलाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश – uttarakhandawaaz.in

एलपीजी आपूर्ति पर मुख्य सचिव सख्त, जिलाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून ,

आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घरेलू एवं व्यवसायिक सिलेंडरों की मांग के अनुरूप समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जनपदवार गैस आपूर्ति की जानकारी लेते हुए कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को एलपीजी स्टेट कोऑर्डिनेटर के साथ लगातार संपर्क में रहकर आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से अपग्रेड होकर शहरी क्षेत्र बने इलाकों को तेल कंपनियों के सिस्टम में भी अपडेट किया जाए, ताकि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

इसके साथ ही मुख्य सचिव ने पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शनों को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यावसायिक संस्थानों को इसके लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने गैस के वैकल्पिक स्रोत के रूप में पिरुल ब्रिकेट को बढ़ावा देने की भी बात कही। उनका कहना था कि इससे एलपीजी की खपत कम होगी और चीड़ के जंगलों से पिरुल के निस्तारण में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *