देहरादून ,
देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन स्कूटी भी बरामद की गई हैं।
मामले की शुरुआत अलग-अलग शिकायतों से हुई, जिनमें शिवम (निवासी बनियावाला), गणेश कुमार (निवासी विवेक विहार विजय पार्क) और श्रीमती शहनाज (निवासी श्री देव सुमन नगर) ने अपनी-अपनी स्कूटी चोरी होने की सूचना थाना बसंत विहार में दी। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे करीब 95 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। लगातार प्रयासों के बाद 20 मार्च 2026 की रात पुलिस ने हरबंसवाला चाय बागान के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुदन थापा (25 वर्ष), निवासी वसंत विहार, देहरादून बताया। वाहन के कागजात न दिखा पाने और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्कूटी चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खंडहर में छुपाकर रखी गई दो अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद की।
आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। बाहर आते ही उसने अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए तीनों स्कूटी चोरी की थीं और उन्हें बेचने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, सुदन थापा एक शातिर अपराधी है, जो अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। उसके खिलाफ पहले से ही वाहन चोरी के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं।
बरामद वाहन:
- स्कूटी नंबर UK07AN 4679
- स्कूटी नंबर UK07Z 0295
- स्कूटी नंबर UK07AA 2979
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों की जांच कर रही है।
