7 मार्च को हरिद्वार आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम धामी ने ली तैयारियों की समीक्षा – uttarakhandawaaz.in

7 मार्च को हरिद्वार आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम धामी ने ली तैयारियों की समीक्षा

अमित शाह 7 मार्च को हरिद्वार के दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएँ। भ्रमण के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और विभागीय समन्वय से जुड़ी सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रहनी चाहिए।

सीएम धामी ने कहा कि हरिद्वार एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है, इसलिए दौरे के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए तथा यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना बनाई जाए। पार्किंग व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने की चेतावनी दी।

बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *