पौड़ी ,
पुष्कर सिंह धामी ने आज पौड़ी में नयार वैली फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ करते हुए कहा कि यह आयोजन घाटी के पर्यटन, रोजगार और समग्र विकास को नई रफ्तार देगा। उन्होंने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना सहित पोखड़ा के रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल, एकेश्वर-पाबौ और चम्पेश्वर मंदिर से जुड़े विकास कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थी करिश्मा और सलोनी को महालक्ष्मी किट प्रदान की तथा योगिता की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई। उन्होंने महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर योजनाओं के लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया। साथ ही साइक्लिस्टों और एंगलरों से बातचीत कर उनके उत्साह की सराहना की।
सीएम ने कहा कि नयार वैली प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध क्षेत्र है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
जनपद में जारी प्रमुख विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है—
-
श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, उत्तराखंड (NIT) का निर्माण प्रगति पर है।
-
खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने हेतु 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
-
गढ़िया गांव में प्रदेश की पहली NCC अकादमी का निर्माण जारी है।
-
कोटद्वार में 11 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मालन नदी पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
पर्यटन और विरासत संरक्षण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी के ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन को हेरिटेज के रूप में संरक्षित किया जा रहा है। कोटद्वार में खेल सुविधाओं का विस्तार, 50 बेड के आधुनिक चिकित्सालय का निर्माण, CDS पार्क में विशाल तिरंगा, विज्ञान संग्रहालय, ट्राइडेंट पार्क, सतपुली झील, 20 करोड़ रुपये की लागत से माउंटेन म्यूजियम और तारामंडल जैसी परियोजनाएं भविष्य में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों की टीमें प्रत्येक न्याय पंचायत में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे घर-घर पहुंचा रही हैं। प्रमाणपत्र और आवश्यक दस्तावेज भी नागरिकों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री का वक्तव्य
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख पर्यटन एवं एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नयार वैली फेस्टिवल क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, सीडीओ गिरीश गुणवंत और एसएसपी सर्वेश पंवार भी उपस्थित रहे।