श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में 10 फरवरी को विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

देहरादून ,

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन एवं पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव 10 फरवरी) के पावन अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून द्वारा 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर को अस्पताल प्रबंधन द्वारा सेवा दिवस के रूप में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जाएगा।

शिविर में जनरल चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सभी सुपरस्पेशलिटी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर के लिए पंजीकरण सुबह 08 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि मरीज सुबह 09 बजे से दोपहर 03 बजे तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने बताया कि पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के प्रकटोत्सव को सेवा दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक उच्चस्तरीय और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सुपरस्पेशलिटी सेवाओं के लिए 7, 8 और 9 फरवरी को सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक पूर्व पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके लिए मरीज मोबाइल नंबर 9389922423 पर संपर्क कर सकते हैं। सामान्य विभागों के लिए 10 फरवरी को शिविर स्थल पर ही पंजीकरण किया जाएगा।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सभी प्रकार की लैब जांचें, आवश्यक चिकित्सकीय प्रोसीजर एवं ऑपरेशन बिना किसी शुल्क के किए जाएंगे। चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत मरीजों को तीन दिनों की दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित यह सेवा दिवस जनकल्याण, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का सशक्त उदाहरण है, जिसका उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *