देहरादून में एमडीडीए का अवैध निर्माण पर सख़्त एक्शन, सहस्त्रधारा रोड समेत कई इलाकों में सीलिंग

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने सहस्त्रधारा रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियम विरुद्ध किए गए निर्माणों को सील किया।

अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सहस्त्रधारा रोड स्थित डिफेन्स एन्क्लेव, डांडा नूरीवाला में आयुष एवं सुशील द्वारा बिना नक्शा स्वीकृति किए जा रहे बहुमंजिला निर्माण को चिन्हित किया गया। जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाया गया, जिस पर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब एवं वैध स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत न करने पर उक्त निर्माण को सील कर दिया गया।

इसी दौरान एमडीडीए की टीम ने एकता विहार, सहस्त्रधारा क्षेत्र में भी बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों की अवहेलना करते हुए किए जा रहे अवैध निर्माण को सील करने की कार्रवाई की।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि अवैध निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण जैसी सख़्त कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्माण कार्य के लिए किसी भी प्रकार का नियम विरुद्ध रास्ता न अपनाएं और एमडीडीए द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए ही निर्माण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *