हरिद्वार में राष्ट्रीय कांवड़ मेला 2026 को लेकर व्यापक यातायात डायवर्जन लागू

05 फरवरी से 15 फरवरी तक हरकी पौड़ी क्षेत्र रहेगा जीरो ज़ोन, भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

हरिद्वार ,

राष्ट्रीय कांवड़ मेला 2026 के सुचारु आयोजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विस्तृत यातायात डायवर्जन योजना लागू की गई है। यह योजना 05 फरवरी 2026 प्रातः 08:00 बजे से 15 फरवरी 2026 रात्रि 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

योजना के अंतर्गत पोस्ट ऑफिस तिराहा से हरकी पौड़ी तथा भीमगोडा बैरियर से हरकी पौड़ी तक का संपूर्ण क्षेत्र जीरो ज़ोन घोषित किया गया है। साथ ही शिवमूर्ति चौक से पोस्ट ऑफिस तिराहा, गुरुद्वारा, तुलसी चौक होते हुए देवरपुर चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में चंडी चौक, शिवमूर्ति चौक, तुलसी चौक एवं बिल्केश्वर तिराहा क्षेत्र में ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाएगा। विभिन्न दिशाओं से आने वाले ऑटो/ई-रिक्शा को निर्धारित स्थानों से यू-टर्न कर वापस भेजा जाएगा।

भारी वाहनों पर सख्ती

कांवड़ मेला अवधि के दौरान हरिद्वार नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। सिडकुल, देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर से बिजनौर, मुरादाबाद एवं नैनीताल जाने वाले भारी वाहनों को हरिद्वार–रुड़की–मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजा जाएगा।

आवश्यक सेवाओं को राहत

दूध, पेट्रोलियम, गैस एवं मेडिकल जैसी आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति के लिए वाहनों को रात्रि 11:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी गई है।

वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग

बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों हेतु अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप एवं चमकादड़ टापू सहित विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चीला मार्ग केवल हरिद्वार आगमन हेतु प्रयोग में लाया जाएगा।

रोडवेज बसों के लिए विशेष रूट

देहरादून, ऋषिकेश एवं हरिद्वार से बिजनौर, मुरादाबाद व नैनीताल जाने वाली रोडवेज बसों को लक्सर नहर पटरी मार्ग से संचालित किया जाएगा, जबकि वापसी में बसें गंगा बैराज–मोती तिराहा–मुजफ्फरनगर होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा पुलिस व प्रशासन का सहयोग कर कांवड़ मेला 2026 को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *