देहरादून ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना करते हुए इसे देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को सशक्त करने वाला है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को शानदार, विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, वंचित वर्गों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े तबकों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
रोजगार, शिक्षा और अवसंरचना को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए किए गए महत्वपूर्ण प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
पर्वतीय राज्यों पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना प्रस्तावित की गई है। उत्तराखंड के संदर्भ में बजट ने पर्यटन और अवसंरचना विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है, जो राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए बजट प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
केंद्र के साथ मिलकर योजनाओं को किया जाएगा लागू
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर प्रदान करेगा।