टिहरी झील के तट पर अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज

11 देशों के 57 खिलाड़ी दिखा रहे साहसिक खेलों का रोमांच, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

देहरादून/टिहरी ,

एशिया के सबसे बड़े बांधों में शामिल टिहरी बांध की झील के मनोरम तट पर स्थित कोटी कॉलोनी में अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विश्व के 11 देशों से आए 57 प्रतिभागी खिलाड़ी अपनी रोमांचक एक्रोबेटिक और साहसिक खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।

फेस्टिवल के दौरान एरियल सिल्क, एरियल हूप, स्लैकलाइन, पैराग्लाइडिंग सहित विभिन्न पैरा एवं एरियल एक्रोबेटिक गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। इन रोमांचक खेलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक टिहरी झील पहुंच रहे हैं।

टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल एसआईवी चैंपियनशिप 2026 का मुख्य उद्देश्य टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय साहसिक खेल पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करना है। इस आयोजन से टिहरी जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आगामी दिनों में होने वाली प्रतियोगिताएं और प्रदर्शन साहसिक खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन समारोह में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी झील साहसिक खेलों की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर स्थापित होगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आज टिहरी में इतने बड़े स्तर का आयोजन संभव हो पा रहा है, इसमें यहां के लोगों का बड़ा योगदान है, जिन्होंने अपनी विरासत को त्याग कर इस झील को देश-दुनिया के लिए एक नई पहचान दी।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि टिहरी झील ऐतिहासिक महत्व रखती है और 2026 में यहां अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल का आयोजन होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

फेस्टिवल में भाग ले रही तुर्की की महिला पैराग्लाइडर फिलिन ने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से पैराग्लाइडिंग कर रही हैं और टिहरी आने को लेकर बेहद उत्साहित थीं। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा अनुभव हुआ है और वह भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में भाग लेना चाहेंगी।

अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल 2026 टिहरी झील को साहसिक खेल पर्यटन के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *