देहरादून।
देहरादून में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुलडोजर चलाकर करीब 40 बीघा क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइज़रों में हड़कंप मच गया।
एमडीडीए की टीम ने प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित भूमि पर बिना स्वीकृति के सड़कें, प्लॉटिंग और बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन था। पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी और बुलडोजरों से अवैध सड़कें, प्लॉटिंग चिन्ह और अन्य निर्माण ध्वस्त किए गए। एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
एमडीडीए ने आम जनता से अपील की है कि भूमि खरीदने से पहले प्राधिकरण से लेआउट और अनुमति की पुष्टि अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।
इस बुलडोजर एक्शन को देहरादून में अवैध निर्माण पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
