कोहरे और ठंड के बीच हरकी पैड़ी पर आस्था का अद्भुत नज़ारा, मकर संक्रांति स्नान पर्व पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट

हरिद्वार ,

 मकर संक्रांति स्नान पर्व के अवसर पर कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद हरकी पैड़ी एवं अन्य गंगा घाटों पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रद्धा, सुरक्षा और अनुशासन के साथ स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने में हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

आज सायं आरती दर्शन तक लगभग 4 लाख 90 हजार श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान किया और अपने-अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान किया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था, जिसके चलते पूरे मेला क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर हरिद्वार पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, वहीं सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस कर्मी लगातार श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान, सुगम आवागमन और अनुशासन बनाए रखने के लिए सहयोग करते नजर आए।

पुलिस प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते मकर संक्रांति स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भविष्य में भी नियमों का पालन करते हुए धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *