डालनवाला क्षेत्र में जलते दीये से महिला की जैकेट में लगी थी आग, सूझबूझ से बच्चों ने बुझाई आग
देहरादून ,
डालनवाला क्षेत्र में अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक महिला की जान बचाने वाले दो नाबालिग बच्चों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा सम्मानित किया गया।
घटना रात्रि लगभग 10 बजे की है, जब मोहिनी रोड स्थित हरी स्टोर के पास एक ऑफिस के बाहर बैठी महिला की जैकेट में बाहर जल रहे दीये से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग महिला के कपड़ों में फैलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बच्चे— प्रणवत सिंह (उम्र 15 वर्ष) एवं दिवजोत सिंह (उम्र 10 वर्ष), पुत्र श्री कुलदीप सिंह, निवासी 72 मोहिनी रोड, डालनवाला—ने अदम्य साहस और बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए बिना घबराए महिला के कपड़ों में लगी आग को तुरंत बुझाया। बच्चों की तत्परता से महिला की जान बच सकी।
इस साहसिक कार्य का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दिनांक 14 जनवरी 2026 को पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों बहादुर बच्चों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एसएसपी देहरादून ने बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार मानवता और समाज सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।
यह घटना न केवल बच्चों के साहस का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश है।