राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने गांधी पार्क से ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ का किया शुभारंभ

देहरादून ,

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस अवसर पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और भारत की मजबूत नींव रखने में मार्गदर्शक सिद्ध होता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने वोकल फॉर लोकल के संदेश को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि स्टार्टअप, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा एवं कौशल विकास पर ध्यान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, भाजपा संगठन मंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी पदाधिकारी और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *