उत्तराखण्ड पुलिस को बड़ी उपलब्धि: ICJS 2.0 रैंकिंग में देश में प्रथम, प्रयागराज महाकुंभ–2025 में एसडीआरएफ की सराहनीय भूमिका

देहरादून ,
श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड एवं मुख्य प्रवक्ता, पुलिस मुख्यालय द्वारा आज सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में मीडिया बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस की दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों—ICJS (Inter-Operable Criminal Justice System) 2.0 रैंकिंग में देश में प्रथम स्थान तथा प्रयागराज महाकुंभ–2025 में उत्तराखण्ड एसडीआरएफ की उत्कृष्ट भूमिका—की जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF, श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे, पुलिस अधीक्षक अपराध सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ICJS 2.0 रैंकिंग में उत्तराखण्ड पुलिस प्रथम

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा प्रकाशित CCTNS/ICJS प्रगति डैशबोर्ड की मासिक रैंकिंग में उत्तराखण्ड पुलिस ने 93.46 अंकों के साथ देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हरियाणा 93.41 अंकों के साथ दूसरे तथा असम 93.16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा ICJS 2.0 को वर्ष 2026 तक पूर्ण रूप से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत पुलिस, न्यायालय, अभियोजन, जेल, फॉरेंसिक एवं फिंगरप्रिंट डेटाबेस को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। उत्तराखण्ड ने समय से पूर्व अधिकांश मॉड्यूल्स का एकीकरण कर उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।
ICJS 2.0 के माध्यम से केस डायरी, चार्जशीट, डिजिटल साक्ष्य और न्यायिक प्रक्रियाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकी हैं, जिससे जांच और अभियोजन की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित बनी है।

प्रयागराज महाकुंभ–2025 में एसडीआरएफ का उत्कृष्ट योगदान

प्रयागराज महाकुंभ–2025 के दौरान उत्तर प्रदेश शासन के अनुरोध पर उत्तराखण्ड एसडीआरएफ की एक कंपनी तैनात की गई। सेनानायक SDRF के नेतृत्व में 112 सदस्यीय दल ने 24 जनवरी से 27 फरवरी तक संगम नोज एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में वाटर रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, लापता श्रद्धालुओं की सहायता तथा समन्वित रेस्क्यू कार्यों में सराहनीय सेवाएँ दीं।

एसडीआरएफ की इस अनुकरणीय सेवा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अधिकारियों एवं जवानों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ये सम्मान पुलिस महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार मीणा द्वारा प्रदान किए गए।

डीजीपी ने दी बधाई

पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने ICJS टीम सहित उत्तराखण्ड पुलिस के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास, तकनीकी नवाचार और सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है। साथ ही, उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ–2025 में एसडीआरएफ द्वारा प्रदर्शित अनुशासन, समर्पण और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएँ दीं।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *