डीएम ने रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, नगर निगम को दिए आवश्यक निर्देश – uttarakhandawaaz.in

डीएम ने रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, नगर निगम को दिए आवश्यक निर्देश

शौचालय, पेयजल, प्रकाश एवं बिस्तर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हों: जिलाधिकारी

देहरादून, 
शीतलहर के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने लालपुल स्थित नगर निगम के रैनबसेरा का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैनबसेरा में ठहरने वाले निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि विगत एक सप्ताह से प्रतिदिन लगभग 15 से 19 निराश्रित व्यक्ति रैनबसेरा में रात्रि विश्राम कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने रैनबसेरा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा निराश्रितों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शहर के सभी रैनबसेरों में शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों को सुरक्षित रूप से रैनबसेरों में ठहराया जाए तथा शहर के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि शीतकाल में निराश्रितों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में नगर निगम सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी ढंग से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त, नगर निगम श्रीमती नमामी बंसल, उप जिलाधिकारी सदर श्री हरिगिरि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

One thought on “डीएम ने रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, नगर निगम को दिए आवश्यक निर्देश”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *