छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा संजय रेलवे पार्क, खटीमा में आयोजित सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पूर्वांचल सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों को इस भव्य और दिव्य आयोजन के लिए साधुवाद। उन्होंने कहा कि छठ पूजा हमारी सनातन संस्कृति की उज्ज्वल परंपरा का प्रतीक है, जिसमें आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता एक साथ प्रकट होती है। यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का महापर्व है।

सीएम धामी ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था का उत्सव है, जिसे हर वर्ग और क्षेत्र के लोग श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाते हैं। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक आज यह पर्व जन-जन की भावना का प्रतीक बन गया है।

उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के विकास और सनातन संस्कृति का वैभव आज चारों ओर दिखाई दे रहा है। हमारी सरकार भी मोदी जी से प्रेरणा लेकर देवभूमि के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनका अपना घर है और यहां के लोग उनका परिवार। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं — जिनमें हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल परिसर, और राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम का निर्माण शामिल है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, और सड़कों के नेटवर्क को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही खटीमा-टनकपुर के बीच सैन्य स्मारक निर्माण की घोषणा भी की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय खटीमा में एमकॉम व एमएससी की कक्षाएं शुरू की गई हैं और जनजाति क्षेत्रों में एकलव्य विद्यालय संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी प्रवृत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और ज़ीरो टॉलरेंस नीति जैसे निर्णयों से उत्तराखंड को एक सशक्त और समरस समाज की ओर अग्रसर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, और मुझे विश्वास है कि छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण के आशीर्वाद से यह संकल्प अवश्य पूर्ण होगा।”

कार्यक्रम में अजय मौर्य (अध्यक्ष, जिला पंचायत), रमेश चंद्र जोशी (अध्यक्ष, नगर पालिका खटीमा), फरजाना बेगम (दर्जा मंत्री), पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

3 thoughts on “छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *