मुख्यमंत्री से हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने की भेंट

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सचिवालय में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हेमकुंट साहिब यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

श्री बिंद्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के विशेष सहयोग और समय-समय पर दिए गए निर्देशों के फलस्वरूप इस वर्ष श्री हेमकुंट साहिब यात्रा सुचारू एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम स्थितियों के बावजूद यात्रा का बेहतर प्रबंधन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हुई।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष भारत और विदेशों से आए करीब 2,75,000 श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए, जो अब तक का रिकॉर्ड आंकड़ा है। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं की व्यापक सराहना की। श्री बिंद्रा ने आगामी यात्राओं के लिए आधारभूत संरचना और लॉजिस्टिक्स सुधारों पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया कि अगली यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के साथ उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है और राज्य सरकार का उद्देश्य इसे और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक रोपवे परियोजना के पूरा होने से हिमालयी क्षेत्र की यात्रा और अधिक सुगम होगी। उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब यात्रा न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह विश्वास, एकता और सामूहिक अनुशासन का भी उदाहरण है।

ज्ञातव्य है कि यात्रा शुरू होने से दो माह पूर्व गोविंदघाट को हेमकुंट मार्ग से जोड़ने वाला पुल भूस्खलन के कारण ध्वस्त हो गया था। मुख्यमंत्री धामी के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप और त्वरित कार्यवाही से नया पुल समय से पहले बनकर तैयार हो गया, जिससे यात्रा निर्बाध रूप से जारी रह सकी।

श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को राज्य में भव्य रूप से मनाने और नागरिकों को उनके धर्म एवं मानवता की रक्षा के अद्वितीय बलिदान से अवगत कराने के लिए भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में हेमकुंट साहिब यात्रा विश्वास, एकता और उत्कृष्ट प्रबंधन का प्रतीक बनेगी।

2 thoughts on “मुख्यमंत्री से हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने की भेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *