मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंसडाउन में शहीद सम्मान समारोह में की शिरकत, वीरगाथाओं को किया नमन

 पौड़ी गढ़वाल ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लैंसडाउन में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया और शहीदों की अमर गाथाओं को नमन किया। उन्होंने शहीद परिवारों को ताम्रपत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा अमर शहीद गब्बर सिंह नेगी की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंसडाउन की धरती से शहीदों की शौर्यगाथाएँ आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने घोषणा की कि—

  • सैनिक विश्राम गृह कोटद्वार का जीर्णोद्धार कर आधुनिक सुविधाएँ दी जाएंगी।

  • जिला व निदेशालय सैनिक कल्याण कार्यालयों में कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

  • गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर संग्रहालय को आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।

  • कई विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों व मार्गों का नामकरण शहीदों के नाम पर होगा।

  • द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों व विधवाओं को सम्मान राशि देने की बाध्यता समाप्त की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य धाम केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि अमर आत्माओं का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से “एक पेड़ शहीदों के नाम” लगाने का भी आह्वान किया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद सम्मान यात्रा 2.0 के सफल समापन की जानकारी दी और कहा कि एकत्रित पावन मिट्टी को देहरादून में बन रहे सैन्य धाम में स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायकगण, पूर्व सैनिक अधिकारी, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं बड़ी संख्या में शहीद परिवार व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *