देहरादून,
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग की नियुक्ति और स्थानान्तरण संबंधी प्रक्रियाओं को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह असत्य और भ्रामक हैं।
उन्होंने बताया कि—
-
प्रधानाचार्य नियुक्ति: 2022 की सेवा नियमावली के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेजों में 692 पदों पर नियुक्ति उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीमित विभागीय परीक्षा द्वारा की जानी है। परीक्षा की विज्ञप्ति जारी हो चुकी है, लेकिन परीक्षा अभी सम्पन्न नहीं हुई है। नियुक्तियों में पैसों के लेन-देन जैसी अफवाहें निराधार हैं।
-
स्थानान्तरण: विद्यालयों के सुगम-दुर्गम कोटीकरण का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसी कारण शैक्षिक सत्र 2025-26 में वार्षिक स्थानान्तरण अधिनियम-2017 के अंतर्गत कोई स्थानान्तरण आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
-
सहायक अध्यापक (एलटी): अधीनस्थ चयन आयोग द्वारा 1352 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई, लेकिन कुछ अभ्यर्थियों द्वारा वाद दायर किए जाने के कारण नियुक्तियां अदालत में लंबित हैं।
डॉ. सती ने चेतावनी दी कि विभाग की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फैलाई जाने वाली मिथ्यापूर्ण अफवाहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग अपनी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के अनुरूप संचालित कर रहा है।