सहकारी समितियों में जल्द होगी 279 कैडर सचिवों की भर्ती, डॉ. धन सिंह रावत ने दिए निर्देश

देहरादून,

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज विधानसभा स्थित सभाकक्ष में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर सहकारी समितियों में लंबित 279 कैडर सचिवों की शीघ्र भर्ती के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कहा कि इस भर्ती के माध्यम से समितियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और आर्थिक मजबूती के साथ कार्यों में तेजी आएगी, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सीधे लाभ मिलेगा।

कैडर सचिवों की भर्ती जनपदवार इस प्रकार होगी: रुद्रप्रयाग-18, पिथौरागढ़-24, टिहरी-46, पौड़ी-44, चंपावत-1, उत्तरकाशी-2, ऊधमसिंह नगर-27, हरिद्वार-21, नैनीताल और अल्मोड़ा-23-23, चमोली और देहरादून-25-25।

डॉ. रावत ने अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर 3 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विशेष थीम आधारित सहकारी मेलों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेलों की तैयारी पूरी हो और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो।

इसके अलावा, उन्होंने उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समय पर, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को काशीपुर में बन रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के भूमि संबंधी प्रकरण का त्वरित निस्तारण करने का मौखिक निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सचिव सहकारिता बीवीआरसी पुरुषोत्तम, निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर निबंधक एवं प्रबंध निदेशक आवास संघ इरा उप्रेती, महाप्रबंधक आवास संघ समुन कुमार, अधिशासी अभियंता मोहसीन अली, डेवलपमेंट ऑफिसर रोहित रस्तोगी, सरिता पासी, अंकित जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *