देहरादून ,
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सभागार में गुरुवार को नेक्स्ट लेवल एवं संभव कला मंच द्वारा आयोजित पांच दिवसीय एक्टिंग कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना एवं सी.ई.ओ. उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद बंशीधर तिवारी, सुप्रसिद्ध कस्टिंग डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर पराग मेहता, अपर निदेशक उद्योग शिखर सक्सेना और नोडल अधिकारी फिल्म विकास परिषद डॉ. नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर समारोह का उद्घाटन किया।
उत्तराखण्ड आगमन पर बंशीधर तिवारी ने कस्टिंग डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर पराग मेहता का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के तहत राज्य में फिल्म शूटिंग और फिल्म उद्योग को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नई फिल्म नीति अन्य राज्यों की तुलना में अधिक अनुदान और बेहतर अवसर प्रदान करती है। तिवारी ने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, केवल उन्हें बेहतर मंच की आवश्यकता है, और इस कार्यशाला के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को सीखने और अपने कौशल निखारने का अवसर मिलेगा।
पराग मेहता ने उत्तराखण्ड को खूबसूरत बताते हुए कहा कि यह शूटिंग के लिए आदर्श स्थान है और उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक फिल्में उत्तराखण्ड में शूट हों। उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
अपर निदेशक उद्योग शिखर सक्सेना ने कहा कि राज्य में फिल्म उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं और सिंगल विडो सिस्टम को सरल एवं सुलभ बनाया गया है।
नोडल अधिकारी एवं संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि नई फिल्म नीति राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन रही है और इसमें स्थानीय कलाकारों के अधिक से अधिक अवसर सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला से स्थानीय प्रतिभाओं को काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन संभव कला मंच के अभिषेक मैंदोला ने किया। इस अवसर पर नेक्स्ट लेवल और संभव कला मंच के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।