निःशुल्क टीकाकरण व दवाइयां भी वितरित, स्थानीय विधायक ने जताया आभार
देहरादून ,
हाल ही में अधोईवाला क्षेत्र में बादल फटने और मूसलाधार बारिश से उत्पन्न जलभराव व गाद की समस्या के बीच संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने मानवीय सेवा की मिसाल पेश करते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। यह शिविर गुरुवार को एमआईजी एमडीडीए कॉलोनी, चन्द्र रोड डालनवाला में लगाया गया।
इस शिविर का शुभारंभ रायपुर विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल के चेयरमैन परमपूज्य श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने क्षेत्रवासियों की पीड़ा को समझते हुए तुरंत मेडिकल राहत टीम भेजकर सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। विधायक ने इस अमूल्य सहयोग के लिए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल लोगों के जीवन में आशा और संबल का संचार कर रही है।
शिविर में अस्पताल की मेडिकल टीम ने स्थानीय निवासियों को चिकित्सकीय परामर्श, ब्लड शुगर व ब्लड प्रेशर जांच, टीकाकरण जैसी सेवाएं दीं। साथ ही एंटीबायोटिक्स, एनाल्जेसिक और अन्य जीवन रक्षक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
डॉ. अजय आर्य (मेडिसिन विभाग) ने विभिन्न रोगियों का परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए, जबकि डॉ. योगेश आहूजा (हड्डी रोग विभाग) ने बारिश और फिसलन से लगी चोटों का उपचार किया। डॉ. दीपांकर नयाल (सर्जरी विभाग) ने मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग शिविर में पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों ने भी अस्पताल की इस पहल की सराहना की। शिविर को सफल बनाने में अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी जितेन्द्र यादव, जयदीप नेगी, सिमरन अग्रवाल, दिनेश रतूड़ी व भूपेन्द्र रतूड़ी का विशेष सहयोग रहा।