देहरादून,
अपर नगर मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह की देखरेख में जिला प्रशासन की टीम ने सिरमौर मार्ग पर सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।
बीते माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सिरमौर किशननगर निवासी प्रदीप ने शिकायत की थी कि उनके पिता गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक मार्ग पर बनाए गए गेट और उस पर लगे पाइप के कारण एम्बुलेंस भीतर तक नहीं पहुंच पाती। इस कारण आपात स्थिति में उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सोनिका बंसल ने उप नगर आयुक्त, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर व अपर नगर मजिस्ट्रेट को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों का पालन करते हुए नगर निगम, प्रशासनिक टीम, जेब्रा फोर्स, महिला एवं पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाते हुए गेट को ध्वस्त कर दिया गया।