देहरादून ,
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा कल, 5 अगस्त 2025 को भारी बारिश की चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी किए जाने के चलते जनपद देहरादून के सभी स्कूलों में कल भी अवकाश घोषित कर दिया गया है।
प्रशासन ने समय रहते लिया फैसला
जिला प्रशासन ने यह निर्णय एहतियातन लिया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस संबंध में स्कूलों को औपचारिक आदेश पहले ही भेज दिए गए हैं, जिससे आज जैसी अव्यवस्था की पुनरावृत्ति न हो।
आज अवकाश के बावजूद बच्चे पहुंचे थे स्कूल
गौरतलब है कि आज, 4 अगस्त को भी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन आदेश सुबह 7:00 बजे के आसपास भेजे गए, जिसके चलते कई छात्र-छात्राएं पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे। स्कूलों से वापस लौटते समय उन्हें भारी बारिश और जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
अगली सूचना तक सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को स्कूल न भेजें और मौसम की गंभीरता को देखते हुए घर में सुरक्षित रखें। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और तेज जल प्रवाह की संभावना बनी हुई है।