चमोली / गैरसैंण ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले की सारकोट ग्राम पंचायत की नव निर्वाचित 21 वर्षीय प्रधान प्रियंका नेगी को बधाई देते हुए ग्रामवासियों के इस फैसले की सराहना की है। उन्होंने कहा कि एक पढ़ी-लिखी युवा लड़की को ग्राम प्रधान के रूप में चुनना ग्रामीणों की सोच में बदलाव और प्रगति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने फोन पर प्रियंका नेगी से संवाद करते हुए उन्हें ग्राम विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि सारकोट को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। जल्द ही सभी मुख्य विकास अधिकारी (CDOs) सारकोट का अध्ययन करने आएंगे, ताकि इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू किया जा सके।
गांव में होगी समग्र विकास की पहल
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब सारकोट में कृषि, पशुपालन और महिला स्वरोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने प्रियंका नेगी को देहरादून आने का निमंत्रण भी दिया है, ताकि राज्य स्तर पर ग्राम विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की जा सके।
प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से सारकोट में जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और कई विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे भी सरकार के साथ मिलकर गांव को आदर्श ग्राम बनाने में पूर्ण सहयोग करेंगी।
आदर्श ग्राम योजना को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सारकोट की तर्ज पर अन्य जिलों में भी आदर्श ग्राम विकसित किए जाएंगे, जहाँ रोजगार, स्वरोजगार और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा:
“इस बार के पंचायत चुनाव में कई युवा और पढ़े-लिखे प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं, जो त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के लिए शुभ संकेत है। सरकार पंचायतों को हरसंभव सहयोग देगी।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड