कांवड़ मेला अंतिम सोमवार – भारी जाम में SSP देहरादून ने संभाली कमान, श्रद्धालु को दी तत्काल सहायता – uttarakhandawaaz.in

कांवड़ मेला अंतिम सोमवार – भारी जाम में SSP देहरादून ने संभाली कमान, श्रद्धालु को दी तत्काल सहायता

ऋषिकेश / देहरादून
कांवड़ मेले के अंतिम सोमवार को नीलकंठ महादेव की ओर बढ़ रहे डाक कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण ऋषिकेश क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव चरम पर पहुंच गया। खासकर श्यामपुर फाटक पर ट्रेन गुजरने से फाटक बंद होने के कारण भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून स्वयं पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषिकेश के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात संचालन को सुचारू करने में जुट गए। SSP देहरादून ने मौके पर तैनात अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए यातायात की व्यवस्था को सुधारने का कार्य तेजी से कराया।

श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत, SSP ने दिखाई संवेदनशीलता

जाम के दौरान SSP की नजर एक मोटरसाइकिल सवार श्रद्धालु पर पड़ी, जो उमस और थकान के कारण अर्द्ध बेहोशी की स्थिति में था। SSP ने तत्परता दिखाते हुए:

  • श्रद्धालु को मोटरसाइकिल से नीचे उतारा,

  • उसे नींबू पानी व पेय पदार्थ देकर प्राथमिक उपचार दिया,

  • एम्बुलेंस बुलाकर तुरंत अस्पताल भेजा,

  • और स्वयं श्रद्धालु की मोटरसाइकिल को धकेलकर सुरक्षित स्थान पर पार्क किया।

श्रद्धालुओं के लिए संवेदनशील, हुड़दंगियों के लिए सख्त

SSP देहरादून ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि:

  • कांवड़ श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता दी जाए,

  • जरूरत पड़ने पर तत्काल मेडिकल सुविधा और यातायात सहयोग मिले,

  • और हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मानवीय और संवेदनशील पहल को देखने वाले श्रद्धालु और राहगीर SSP की तत्परता और सेवा भाव की सराहना करते नजर आए। कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन में पुलिस प्रशासन का यह प्रयास उल्लेखनीय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *