देहरादून,
देर रात से हो रही भारी बारिश के चलते राजधानी देहरादून के कारगी ग्रांट क्षेत्र में नदी किनारे बने दो मकान ढह गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा को देखते हुए एसएसपी ने आसपास के इलाकों के 10 मकानों को खाली कराने और भीड़ नियंत्रण के लिए पीएसी बल की तैनाती के निर्देश भी दिए।
टूटे हुए मकानों के मालिक:
-
शाहिद अंसारी पुत्र रईस
-
शहीद इद्रिशी पुत्र मोहम्मद असगर
(दोनों निवासी – करगी ग्रांट, मदीना मस्जिद वाली गली)
दरार वाले मकानों के स्वामी:
-
गुलजार अंसारी पुत्र गुलफाम
-
मुस्तकीम पुत्र शाहजहां
इन मकानों में गहरी दरारें आ चुकी हैं। प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है और किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के चलते नदी-नालों के किनारे न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें।