गैस पाइप में लगी आग से झुलसी बालिका ने दम तोड़ा

हरिद्वार ,

सिलेंडर से गैस रिसने से झुलसी बालिका ने एम्स जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। जिसके शव को वापस जिला अस्पताल लाया गया। जिसकी सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि बीती देर शाम को बालिका गैस चुल्हे पर चाय बनाते वक्त पाइप से गैस रिसाव होने पर आग लग गयी और बालिका को अपनी चपेट में ले लिया था। कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि गुरूवार की देर शाम को सराय ज्वालापुर निवासी ऊषा पुत्री वीरबल उम्र 12 वर्ष रसोई में गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेण्डर के पाइप में गैस रिसाव होने पर उसमें आग लग गयी। बालिका कुछ समझ पाती तब तक आग ने उसको अपनी चपेट में ले लिया। बालिका की शोर सुनकर के परिजन मौके पर पहुंचे और आग को बुझाकर बच्ची को उपचार के लिए भूमानंद हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर बालिका की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसको उपचार के लिए एम्स रेफर कर दिया। एम्स ले जाते वक्त बालिका ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिसके बाद बालिका को घर लाया गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बालिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *