देहरादून ,
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने जानकारी दी है कि भारतीय सेना द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के परिप्रेक्ष्य में उत्तराखंड राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग की सभी इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
मुख्य निर्देश व सुरक्षा उपाय निम्नलिखित हैं:
-
संवेदनशील क्षेत्रों पर सख़्त निगरानी: राज्य के संवेदनशील प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों तथा अंतर्राज्यीय सीमाओं (inter-state borders) पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
-
व्यापक सत्यापन अभियान: राज्यभर में संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
-
चारधाम यात्रा में विशेष तैनाती: यात्रा मार्गों पर राज्य पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, एटीएस (गुलदार) तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की टीमें चिन्हित एवं संवेदनशील स्थलों पर तैनात की गई हैं।
-
भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता: सीमा पर सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी (SSB) के साथ संयुक्त गश्त (Joint Patrolling) बढ़ाई जा रही है।
-
सोशल मीडिया की निगरानी: वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। नागरिकों से अपील की जाती है कि वे जिम्मेदारी और संयम से पोस्ट साझा करें। भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि राज्य की सुरक्षा प्राथमिकता है, और इसमें नागरिकों की सतर्कता एवं जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार आवश्यक है।
मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय
उत्तराखंड पुलिस