देहरादून ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग करने के उपरांत आज मुख्यमंत्री आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था, चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की स्थिति एवं आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निम्न निर्देश जारी किए:
-
सीमांत क्षेत्रों में सख्त निगरानी: अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए।
-
चारधाम यात्रा की सुरक्षा: यात्रा मार्गों और चारों धामों में लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
-
महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा: राज्य में स्थित राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठानों, बांधों एवं ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
-
आपातकालीन तैयारी: जिलों एवं तहसीलों में खाद्यान्न, दवाएं एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा जाए।
-
अफवाह नियंत्रण एवं सूचना प्रबंधन: जनता को प्रमाणिक सूचना उपलब्ध कराई जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। सोशल मीडिया की सतत निगरानी हो।
-
कार्मिकों की उपस्थिति: वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों के अवकाश स्थगित किए जाएं।
-
जिला स्तर पर समीक्षा: सभी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री ने नागरिक सुरक्षा दलों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को राहत और बचाव कार्यों हेतु प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपील की।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने हेतु केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का आभार भी व्यक्त किया।