दून अस्पताल में बनी अवैध मजार पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, बुल्डोजर चलाकर किया गया ध्वस्तीकरण – uttarakhandawaaz.in

दून अस्पताल में बनी अवैध मजार पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, बुल्डोजर चलाकर किया गया ध्वस्तीकरण

देहरादून ,

राजधानी देहरादून स्थित दून अस्पताल परिसर में वर्षों से बनी अवैध मजार को प्रशासन ने शनिवार देर रात ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के पश्चात की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मजार सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई है।

शिकायत ऋषिकेश निवासी पंकज गुप्ता द्वारा दर्ज की गई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी देहरादून ने मामले की जांच के निर्देश दिए। नगर निगम, राजस्व विभाग, पीडब्ल्यूडी, दून अस्पताल प्रशासन एवं अन्य विभागों की संयुक्त जांच में पुष्टि हुई कि उक्त मजार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई थी, और इसके निर्माण की कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी।

अस्पताल प्रशासन ने भी इस अवैध ढांचे के कारण मरीजों के उपचार में व्यवधान और अंधविश्वास फैलने की शिकायत पहले शासन को भेजी थी। मजार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा धार्मिक आस्था के नाम पर अस्पताल परिसर में गतिविधियाँ चलाई जा रही थीं, जिससे अस्पताल का कार्य प्रभावित हो रहा था।

प्रशासन ने खादिम को पहले ही नोटिस जारी किया था। जांच पूरी होने के बाद शनिवार रात प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ अस्पताल मार्ग को सील कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और अस्पताल प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। मौके पर नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसपी सिटी प्रमोद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ध्वस्तीकरण के दौरान मजार के मलबे से कोई धार्मिक अवशेष नहीं मिला, जिससे स्पष्ट होता है कि ढांचा पूरी तरह अवैध था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *