पहलगाम हमले के बाद रद्द हुई पाकिस्तान के गुरुद्वारों की यात्रा, 15 साल में पहली बार दून से नहीं जाएगा जत्था – uttarakhandawaaz.in

पहलगाम हमले के बाद रद्द हुई पाकिस्तान के गुरुद्वारों की यात्रा, 15 साल में पहली बार दून से नहीं जाएगा जत्था

देहरादून,

कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इस वर्ष महाराजा रंजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान के गुरुद्वारों की यात्रा को रद्द कर दिया गया है। पिछले 15 वर्षों में यह पहली बार है जब देहरादून से श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान नहीं जाएगा।

हर साल देहरादून से सिख श्रद्धालु गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, गुरुद्वारा डेरा साहिब (लाहौर), गुरुद्वारा सच्चा सौदा, गुरुद्वारा रोड़ी साहिब जैसे ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए पाकिस्तान जाते हैं।

इस बार यात्रा 21 जून को निर्धारित थी, जिसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई थीं और 50 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट जमा हो चुके थे। लेकिन हाल ही में हुए आतंकी हमले और बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के कारण आयोजकों ने यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया। जत्थेदार रंजीत सिंह ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है और सभी पासपोर्ट श्रद्धालुओं को वापस कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 19 जून को 72 तीर्थयात्रियों का जत्था देहरादून से पाकिस्तान गया था, और आमतौर पर साल भर में कई बार ऐसे धार्मिक यात्रा समूह रवाना होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *