ऋषिकेश ,
आगामी चारधाम यात्रा को सफल और सुचारू बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप (यात्रा पंजीकरण कार्यालय) का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए अधिकारियों को तीर्थयात्रियों के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें श्रद्धालुओं का सहयोगी बनकर इस यात्रा को सफल बनाना है, ताकि हर यात्री उत्तराखंड से सुखद अनुभव लेकर लौटे।” उन्होंने यह भी बताया कि ट्रांजिट कैंप में एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से भजन, रामायण, महाभारत, चारधाम यात्रा से संबंधित कहानियां और आरतियां प्रसारित की जाएंगी। इसके अलावा मौसम संबंधित जानकारी भी यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष निर्देश
-
ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण व्यवस्था 24 घंटे संचालित की जाएगी।
-
पुलिस, स्वास्थ्य, पर्यटन, नगर निगम, विद्युत और परिवहन विभागों का संयुक्त हेल्पडेस्क एक सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में कार्य करेगा।
-
ठहरने के लिए पर्याप्त स्थान, गर्मी से राहत के लिए कूलर, स्वच्छ पेयजल, टीन शेड और कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी।
-
अस्पताल में सभी आवश्यक दवाइयां और चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे।
-
भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए एक विशेष एक्शन प्लान बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने खोया-पाया केन्द्र को संपूर्ण यात्रा मार्गों से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए ट्रांजिट परिसर में एक अलग स्थान निर्धारित करने की बात भी कही।
इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से भी मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।
गढ़वाल आयुक्त ने दी जानकारी
गढ़वाल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडे ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में 24 काउंटरों के माध्यम से यात्रियों का पंजीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही रिजर्व टीम भी तैनात की गई है। यात्रा चिकित्सालय में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है, और पुलिस सहायता केन्द्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है।