विधानसभा में विस अध्यक्ष की अध्यक्षता में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस – uttarakhandawaaz.in

विधानसभा में विस अध्यक्ष की अध्यक्षता में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस

राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों की सेवा एवं संघर्ष को किया याद
देहरादून ,

उत्तराखंड विधानसभा सचिवालय देहरादून में राज्य स्थापना दिवस का कार्यक्रम ऋतु खण्डूडी भूषण की अध्यक्षता में सादगी से मनाया गया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य निर्माण के आंदोलनकारियों की सेवा एवं संघर्ष को याद किया। इस दौरान उन्होंने राज्य स्थापना दिवस के इस अवसर पर अल्मोड़ा जिले में हुए दर्दनाक बस दुर्घटना में मृतकों की याद में संवेदनाएं व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विधानसभा कर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य आंदोलन में इन वीर सेनानियों का योगदान हमेशा याद किया जाएगा और उनके बलिदान की ही देन है की आज हमे अपना यह राज्य मिला है। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने राज्य के इन 24 वर्षों की यात्रा को संक्षेप में रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व और सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में राज्य ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन हर कठिनाई के बावजूद उत्तराखंड ने प्रगति की राह पर निरंतर कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने हमेशा विकास के लिए संघर्ष किया है और हम सभी ने मिलकर उत्तराखंड को एक समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयास किए हैं। उन्होंने राज्य के निर्माण के समय की कठिनाइयों और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड के निर्माण के समय यहां की जनता ने जो संघर्ष किया था, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है, और हम सभी को मिलकर इस राज्य को एक नया मुकाम तक पहुंचाना है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान के लिए सरकार की योजनाओं की भी चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरणीय संरक्षण के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने आगे कहा कि हमें अपने युवाओं को राज्य के विकास में सक्रिय रूप से शामिल करना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को एक मजबूत और समृद्ध उत्तराखंड मिल सके। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संपदा को सहेजते हुए विकास की दिशा में कार्य करना होगा। इस अवसर पर स्पीकर ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के विचारों को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है, उसमें उत्तराखंड राज्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में अपार संसाधन और प्राकृतिक सौंदर्य है, और अगर हम इनका सही उपयोग करें तो हम न केवल अपने राज्य को, बल्कि पूरे देश को प्रगति की दिशा में और अधिक मजबूत बना सकते हैं। इस दौरान कार्यक्रम में अपर सचिव संसदीय एवं विधायी अरविन्द भट्ट , प्रभारी सचिव विधानसभा हेम पंत, विशेष कार्य अधिकारी अशोक शाह, संयुक्त सचिव चंद्र मोहन गोस्वामी, उप सचिव मनोज जसपुरिया, विशाल शर्मा, नरेंद्र रावत, अजय अग्रवाल, रवि बिष्ट पंकज पुंडीर, प्रकाश रावत आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *