छात्रों ने डीबीएस पीजी काॅलेज को बंद कराया
देहरादून ,
डीबीएस काॅलेज छात्र संघ अध्यक्ष मगन नेगी के नेतृत्व में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं एवं छात्रों ने छात्र संघ चुनाव कराये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया, वहीं डीबीएस पीजी काॅलेज को बंद कराया गया। वहीं दूसरी ओर एनएसयूआई से जुड़ी हुई छात्राओं ने प्रदर्शन करते हुए एमकेपी पीजी काॅलेज को बंद कराकर अपना विरोध दर्ज किया। आज बडी संख्या में छात्र छात्र संघ के अध्यक्ष मगन नेगी के नेतृत्व में डीबीएस काॅलेज परिसर में इकटठा हुए और वहां पर छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर डीबीएस पीजी कॉलेज में सभी छात्र संगठन छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे है एवं कॉलेज पूर्ण रूप से बंद करवाया गया। इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक एवं छात्र संघ के पूर्व महासचिव प्रदीप सिंह तोमर ने कहा है कि छात्र संघ चुनाव न कराये जाने से छात्रों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जायेगा और इसके लिए व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किये जायेंगें और आज से अनिश्चितकालीन धरना आरंभ कर दिया गया है। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में दीपक सिंह साह कोषाध्यक्ष, हिमांशु कुमार पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, प्रदीप तोमर, संदीप धीमान पूर्व महासचिव, छात्र नेता कनिष्क बिष्ट, मुकेश बसेड़ा, हर्ष राणा, प्रियांशु कोटनाला, अभिषेक आनंद, स्वास्तिक कुकरेती, प्रियंका, अंकित, पायल, काजल रिया राणा, अर्पित सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र छात्रायें उपस्थित रहे। वहीं दूसरी ओर छात्र संघ चुनाव करवाने की माँग को लेकर एमकेपी पीजी कॉलेज की छात्राओं ने एनएसयूआई के बैनर तले कॉलेज बंद करके अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस अवसर पर एनएसयूआई की प्रदेश सचिव काजल सहगल ने कहा है कि हाईकोर्ट ने छात्र संघ चुनाव को न कराये जाने का फैसला दिया है जिसकी जितनी निंदा की जाये वह कम है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव हर हाल में कराये जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव कराये जाने की कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।