गुरूवार को देहरादून में 04 पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण

सी0एम0ओ0 के निर्देश पर दो लैब करवाई बंद, दो को थमाया नोटिस

देहरादून  ,

गुरूवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 संजय जैन के निर्देश पर जनपद में संचालित पैथोलॉजी लैबों के औचक निरीक्षण किये गये। क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट सेक्शन की टीम द्वारा देहरादून में संचालित सुपर मैक्स पैथ लैब, अल जाहरा चैरिटेबल लैब, डी0एन0ए0 लैब और सिद्धी डायनोस्टिक में जाकर टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी लैबों से पंजीकरण प्रमाणपत्र, पैथोलॉजिस्ट, लैब टैक्नीशिन और ब्लड कलेक्शन सेंटर की जानकारी मांगी गयी।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, (सी0ई0ए0) डॉ0 सी0एस0 रावत ने जानकारी दी कि निरीक्षण के दौरान सुपर मैक्स पैथ लैब भुड्डी चौक बिना पंजीकरण के संचालित की जा रही थी, लैब में पैथोलॉजिस्ट उपस्थित नहीं था, जिस कारण लैब को बंद कर दिया गया। अल जाहरा चैरिटेबल लैब बिना पंजीकरण और पैथोलॉजिस्ट व लैब टैक्नीशियन के संचलित की जा रही थी। जिस कारण लैब को तत्काल बंद कराया गया।

डी0एन0ए0 लैब लक्ष्मीपुर में माइक्रोबाइलॉजिस्ट उपस्थित नहीं पाया गया। जबकि सिद्धी डायग्नोस्टिक सेंटर में पैथोलाजिस्ट और लैब टेक्नीशियन मौके पर नही पाए गए। और डेंगू जांच की दरें बोर्ड पर चस्पा नहीं को गई थी। इन दोनों लैब संचालकों को नोटिस जारी किया गया है, तथा 3 दिन के भीतर जवाब तलब किया गया है। वहीं विभूति हॉस्पिटल में भी डेंगू जांच दरें चस्पा करने की हिदायत दी गई।

ज्ञात हो कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 संजय जैन द्वारा जनपद की समस्त लैबों के निरिक्षण के निर्देश संबंधित टीम को दिये गये हैं, जिसके क्रम में लगातार लैबों का निरीक्षण किया जा रहा है। सी0एम0ओ0 द्वारा सभी लैब संचालकों से समस्त ब्लड कलेक्शन सेंटर की सूची विभाग को उपलब्ध कराने, समस्त लैब तथा ब्लड कलेक्शन सेंटर सी0ई0ए0 एक्ट में अनिवार्य रूप से पंजीकृत करवाने तथा विभिन्न जांच एवं उनकी नियत दरों की सूची चस्पा करने के निर्देश पूर्व में ही दिये जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *